उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

हल्द्वानी में क्रिकेट टूर्नामेंट के नाम पर लाखों की ठगी, आयोजक हिरासत में – निवेशक ठगे

Ad

हल्द्वानी – गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित क्रिकेट मैचों से पहले एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। EVCL के बैनर तले आयोजित किए जाने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट में टीम दिलाने और मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला उजागर हुआ है। आयोजन शुरू होने से पहले ही सामने आए इस प्रकरण से खेल प्रेमियों और निवेशकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार आगामी 3 फरवरी से गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होनी थी। आरोप है कि टूर्नामेंट के आयोजक विकास ढाका ने विभिन्न राज्यों के लोगों को प्रतियोगिता में टीम दिलाने और आर्थिक लाभ का भरोसा दिलाकर उनसे बड़ी धनराशि वसूल ली। इस कथित फर्जीवाड़े में उत्तराखंड के पूर्व विधायक नारायण पाल सहित कई राज्यों के निवेशकों के प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आयोजक विकास ढाका को एक होटल से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरे आयोजन की योजना और वित्तीय लेन-देन का संचालन आयोजक स्वयं कर रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी बैंक लेन-देन, आयोजकीय दस्तावेजों और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रस्तावित क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमति, अनुबंध और वैधानिक स्वीकृतियां ली गई थीं या नहीं।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर गिरफ्तारी की जा सकती है। खेल के नाम पर सामने आए इस फर्जीवाड़े ने निवेशकों और खिलाड़ियों को सतर्क रहने का संदेश दिया है। वहीं पुलिस का दावा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Ad

Related Articles