भवाली में नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल


भवाली – भवाली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि इस तरह के अपराधों में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिनांक 04 फरवरी 2026 को सीएचसी अस्पताल भवाली से कोतवाली भवाली को सूचना प्राप्त हुई कि एक नाबालिग युवती छह माह की गर्भवती है। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा पीड़िता के परिजनों से संपर्क किया गया।
पीड़िता की माता की तहरीर के आधार पर थाना भवाली में मु0अ0सं0 04/26, धारा 64 बीएनएस एवं 5(J)/11/6 पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत आरोपी साहिल के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा एवं अधीनस्थ पुलिस टीम को दिए गए।
निर्देशों के क्रम में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए 05 फरवरी 2026 को आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी का फॉरेंसिक परीक्षण, मेडिकल परीक्षण एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण की गई। इसके बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अपराध से संबंधित संपत्ति के जब्तीकरण की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों पर पुलिस की मॉनिटरिंग सेल लगातार नजर बनाए हुए है और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।





