SIR-2026: नैनीताल में 6.93 लाख मतदाताओं की प्रारूप सूची जारी, 2.30 लाख नोटिस वितरित

हल्द्वानी – विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत नैनीताल जिले में मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। सोमवार को हल्द्वानी तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में SIR के तहत नोटिस वितरण, दावे-आपत्तियों और उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले की प्रारूप निर्वाचक नामावली में 6,93,325 मतदाता दर्ज हैं। मतदाता सूची में संभावित विसंगतियों की जांच के लिए कुल 2,35,085 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 2,30,222 नोटिस संबंधित मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं। अब तक 69,318 नोटिसों पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
भारत निर्वाचन आयोग की तकनीकी प्रक्रिया के तहत जिले में 1,88,054 प्रकरण Anomaly और 47,031 प्रकरण No Mapping श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा इन मामलों में नोटिस जारी कर जांच और सुनवाई की कार्रवाई की जा रही है।
34 हजार से अधिक दावे-आपत्तियां प्राप्त
SIR के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा विवरण में संशोधन के लिए अब तक 34,000 से अधिक दावे-आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें फार्म-6 के 12,450, फार्म-7 के 11,599 और फार्म-8 के 7,190 आवेदन शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार SIR का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज न हो।
11 सितंबर तक चलेगी सुनवाई
अधिकारियों ने बताया कि SIR के तहत नोटिसों पर सुनवाई तथा दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा नाम, पता, आयु, फोटो सहित किसी विवरण में त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में फार्म-6, फार्म-7 अथवा फार्म-8 के माध्यम से दावा या आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निस्तारण पारदर्शिता के साथ भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम हल्द्वानी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




