लालकुआं में किताबों की बिक्री पर सख्ती, बुक डिपो और स्कूलों की मिलीभगत जांच के दायरे में

लालकुआं – प्रशासन ने लालकुआँ में गुरुवार को किताबों के कारोबार से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी रेखा कोहली के नेतृत्व में टीम ने शहर के लक्ष्मी बुक डिपो और गणेश बुक डिपो पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान यह पाया गया कि एनसीईआरटी की निर्धारित पुस्तकों के अलावा कई निजी स्कूलों से संबंधित अन्य किताबें भी बेची जा रही थीं। मौके पर मौजूद अभिभावकों से बातचीत में कई अहम बातें सामने आईं।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि कुछ स्कूलों द्वारा उन्हें खास तौर पर इन्हीं बुक डिपो से किताबें खरीदने के लिए कहा जाता है। इसके साथ ही यह भी शिकायत सामने आई कि किताबें खरीदने पर उन्हें पक्के बिल की जगह साधारण कागज पर रसीद दी जाती है और जीएसटी बिल उपलब्ध नहीं कराया जाता।
जांच के दौरान बीडीजे स्कूल, ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल, एचसीएम पब्लिक स्कूल, स्कॉलर हेवन पब्लिक स्कूल, होली ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल और मीनाकपिल अकैडमी से जुड़े मामले सामने आए हैं।
उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्य शिक्षा अधिकारी को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर संबंधित स्कूलों और बुक डिपो के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और किताबों की बिक्री को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।





