एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर तेज कार्रवाई, 12 बोर तमंचा व कारतूस बरामद

रामनगर – जनपद में अपराध एवं अवैध हथियारों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रामनगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध 12 बोर देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को वन निगम ग्राउंड, गुल्लरघट्टी रामनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान ताहिर पुत्र हसनैन निवासी कनोरी थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अदद 12 बोर का अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 167/2026 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सोमेंद्र सिंह, कांस्टेबल गगन भंडारी और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार एवं ऑपरेशन लगाम के तहत जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





