देहरादून से शव लेकर लौट रहे थे परिजन, नींद की झपकी से हुआ दर्दनाक हादसा – तीन घायल

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। जिस परिवार पर पहले ही एक सदस्य की मौत का दुख टूटा था, उसी परिवार को अंतिम संस्कार के रास्ते में एक और बड़ा सदमा झेलना पड़ा।
देवाल क्षेत्र में परिजनों से भरी एक ईको वैन करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब चार बजे देवाल के ल्वाणी गांव के जंगल क्षेत्र में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ईको वैन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे व दुर्गम रास्तों के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम जब खाई में पहुंची तो मंजर बेहद भयावह था। वाहन के परखच्चे उड़ चुके थे और उसमें सवार लोग दूर-दूर तक बिखरे पड़े थे। हादसे में बलवीर सिंह (52), शांति देवी (48) और अंशु बिष्ट (18) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कविता देवी (32), मयंक सिंह (8) और रोशनी (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। बचाव दल ने तीनों घायलों को खाई से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, लोहाजंग निवासी परिवार अपने परिजन स्वर्गीय भजन सिंह का पार्थिव शरीर देहरादून से गांव लेकर लौट रहा था। भजन सिंह का उपचार के दौरान निधन हो गया था और उनका अंतिम संस्कार गांव में किया जाना था। शव एंबुलेंस में लाया जा रहा था, जबकि परिजन अलग ईको वैन में सवार थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्राथमिक जांच में पुलिस चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जता रही है। माना जा रहा है कि चालक का वाहन से नियंत्रण हटते ही वैन सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।





