Haldwani:-मंदिर में चोरी करने वाला शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, 24 घंटे में केस सुलझा


नैनीताल – उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित मुखानी थाना क्षेत्र में मंदिर चोरी की घटना का पुलिस ने महज़ 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया।
घटना 19-20 मार्च की रात की है, जब अज्ञात चोर ने अमृता आश्रम के पास स्थित मंदिर का ताला तोड़कर मूर्तियां, पीतल-तांबे के बर्तन, घंटियां और आभूषण सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 21 मार्च को मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लाल सिंह (52 वर्ष), निवासी मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से मंदिर का समस्त चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है, जिसमें NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस पूरे मामले के त्वरित खुलासे में पुलिस टीम की मुस्तैदी सराहनीय रही, विशेष रूप से कांस्टेबल धीरज सुगड़ा और रोहित कुमार की भूमिका अहम मानी जा रही है।





