उत्तराखण्डज़रा हटकेदेहरादून

होली पर हुड़दंग पड़ा भारी: महिला से अभद्रता और मारपीट के आरोप में दो युवक गिरफ्तार

ADVERTISEMENTS Ad

देहरादून – होली के त्योहार की आड़ में अराजकता फैलाने और महिलाओं के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र का है, जहां एक युवक की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस को दी गई शिकायत में राजीव नगर निवासी युवक ने बताया कि होली के दिन वह अपने दोस्तों के साथ घर के बाहर मुख्य सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उनकी एक महिला मित्र के साथ जबरन रंग लगाने के बहाने अभद्र व्यवहार करने लगे। जब युवक और उसके साथियों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नेहरू कॉलोनी पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान होने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास रावत निवासी राजीव नगर और संजीव नेगी निवासी दीप नगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी, अभद्रता या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि त्योहारों को शांति और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles