कुमाऊं आयुक्त के निर्देश पर स्कूल का निरीक्षण, प्रवेश प्रक्रिया से शुल्क और अभिलेखों तक हुई जांच

हल्द्वानी – कुमाऊं आयुक्त के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे और जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) पुष्कर लाल टम्टा ने गुरुवार को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त श्री गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय में संचालित विभिन्न प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया, संबंधित नियमों, अभिलेखों और विद्यार्थियों से लिए जाने वाले शुल्क की जानकारी ली। प्रधानाचार्य विजय कुमार जोशी से विद्यालय प्रबंधन, प्रवेश प्रक्रिया तथा विभिन्न मदों में किए जा रहे व्यय के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया।
77 कर्मचारियों में 68 मिले उपस्थित
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कुल 77 कार्मिकों में से 68 उपस्थित और नौ अनुपस्थित पाए गए। वहीं विद्यालय में पंजीकृत 1,251 विद्यार्थियों में से 793 उपस्थित और 458 अनुपस्थित मिले।
जांच के बाद सौंपी जाएगी रिपोर्ट
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आए विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद समयबद्ध तरीके से विस्तृत जांच आख्या कुमाऊं आयुक्त को भेजी जाएगी। अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और उपलब्ध अभिलेखों का भी परीक्षण किया।




