दिनेश आर्य के राज्यसभा सांसद बनने पर अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष शोएब अहमद ने दी बधाई

नैनीताल – दिनेश आर्य के निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। उनके निर्वाचन पर दर्जा राज्य मंत्री शोएब अहमद ने बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दिनेश आर्य के राज्यसभा पहुंचने को नैनीताल सहित पूरे कुमाऊं मंडल के लिए गर्व का विषय बताया।
शोएब अहमद ने कहा कि दिनेश आर्य ने संगठन में लंबे समय तक निष्ठा और मेहनत के साथ कार्य किया है। उन्हें उम्मीद है कि राज्यसभा में पहुंचकर वह पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के साथ गरीबों, दलितों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि दिनेश आर्य समाज के सभी वर्गों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
वहीं, शोएब अहमद को हाल ही में उत्तराखंड में अल्पसंख्यक हुनर परिषद का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद उन्हें भी नई जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में प्रदेश की राजनीति में दोनों नेताओं की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। एक ओर दिनेश आर्य राज्यसभा में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे, वहीं दूसरी ओर शोएब अहमद अपनी नई जिम्मेदारी के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज और अन्य वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों पर काम करने का अवसर पाएंगे।
बनभूलपुरा क्षेत्र से पारिवारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए शोएब अहमद ने उम्मीद जताई कि दिनेश आर्य क्षेत्र सहित प्रदेश के जरूरतमंद लोगों की समस्याओं और विकास संबंधी अपेक्षाओं को भी गंभीरता से लेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना और विकास की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।
दिनेश आर्य के राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने और शोएब अहमद को नई जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड के दलितों, अल्पसंख्यकों, आर्थिक रूप से कमजोर और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों की उम्मीदें बढ़ी हैं। इन वर्गों को आशा है कि दोनों नेता अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उनकी समस्याओं को सामने लाने, अधिकारों की रक्षा करने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।




