उत्तराखण्डज़रा हटकेपंतनगर

किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना प्राथमिकता: सीएम धामी

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

पंतनगर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित श्री लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया। सहकार भारती उत्तराखंड की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत नेतृत्व से एम-पैक्स मजबूत होंगे, मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड का निर्माण होगा। उन्होंने सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि सहकारिता को मजबूत बनाने की दिशा में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ‘सहकार से समृद्धि’ के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने, कृषि को मजबूत करने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहकारिता उपयोगी भूमिका निभा सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैक्स सहकारिता व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं और बदलती जरूरतों के अनुरूप इन्हें एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम-पैक्स को प्रभावी बनाने के लिए कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व जरूरी है। इसी उद्देश्य से नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे नेतृत्व में नई सोच, कार्यदृष्टि और भविष्य की दिशा विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार सहकारिता को केवल समितियों तक सीमित रखने के बजाय इसे जनभागीदारी और आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता की भावना को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

सहकारिता से जुड़ी कई पहल का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान सहकार ग्रंथ एवं स्मारिका का विमोचन, सोशल मीडिया रील का विमोचन, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ लिमिटेड का अनावरण तथा नई सहकारिता नीति का लोकार्पण किया गया। पंतनगर से सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा देने वाली इन पहलों को लेकर मुख्यमंत्री ने सहकारिता विभाग, पंतनगर विश्वविद्यालय और सहकार भारती को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति शिवेंद्र कुमार कश्यप, सहकार भारती के राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया, प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़, संगठन मंत्री मणिराम नौटियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार जोशी सहित डॉ. बृजेश, डॉ. दिनेश कुमार सिंह एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles