देर रात हल्द्वानी में पुलिस का सख्त पहरा, 70 वाहनों पर कार्रवाई – छह चालक नशे में गिरफ्तार

हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस का सघन चेकिंग अभियान जारी है।
इसी क्रम में देर रात हल्द्वानी शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर 70 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। नशे में वाहन चलाने वाले छह चालकों को पकड़ा गया, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 10 वाहनों को सीज किया गया।
एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार की अगुवाई में रिजर्व पुलिस, सीपीयू और थाना पुलिस के साथ शहर के व्यस्ततम चौराहों पर देर रात तक चेकिंग की गई। अभियान का उद्देश्य ड्रंकन ड्राइविंग, संदिग्ध गतिविधियों और अराजकता पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान एमवी एक्ट के तहत 70 वाहनों पर कार्रवाई, 10 वाहन सीज, नशे में वाहन चलाने पर छह चालकों के खिलाफ कार्रवाई, ब्लैक फिल्म के पांच मामलों में कार्रवाई तथा शस्त्र अधिनियम के तहत एक कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान तिकोनिया, कुल्यालपुरा, नरीमन, कोलटैक्स और ताज चौराहा समेत शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर संदिग्ध वाहनों और अनावश्यक रूप से घूम रहे युवकों व अन्य व्यक्तियों की जांच की गई। अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
अभियान में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी सहित विभिन्न चौकी प्रभारियों और थाना पुलिस बल ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




