नैनीताल में बारिश का असर तेज, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी; राहत टीमें तैयार

नैनीताल – जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। इसके चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के साथ ही भूस्खलन की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहेगी मशीनरी
डीएम ने जिला आपदा कंट्रोल रूम के साथ सभी तहसील और ब्लॉक स्तरीय कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग, सिंचाई, विद्युत और पेयजल विभाग समेत सभी कार्यदायी संस्थाओं को अपनी मशीनरी और पर्याप्त मैनपावर संवेदनशील स्थलों पर तैनात रखने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण यदि कोई मार्ग बाधित होता है तो मशीनरी की मदद से उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों की आवाजाही ज्यादा देर तक प्रभावित न हो।
राजस्व टीमें कर रहीं नुकसान का आकलन
जिलाधिकारी के अनुसार राजस्व विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर रही हैं। जिन स्थानों पर मकानों को आंशिक क्षति या पशुहानि की सूचना मिली है, वहां तहसीलदारों के माध्यम से नियमानुसार तत्काल राहत पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में फिलहाल करीब चार दर्जन मार्ग बाधित हैं। इनमें लगभग 90 प्रतिशत ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। चार-पांच स्टेट हाईवे और राष्ट्रीय राजमार्ग का गरमपानी क्षेत्र भी बारिश के कारण प्रभावित हुआ है। मार्ग खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं और काम जारी है।
रील और फोटो के लिए जोखिम न उठाएं
डीएम ने आम लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी, नालों, गधेरों और बरसाती नालों के किनारे जाने से बचें।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं से अपील की कि रील बनाने या फोटो खींचने के लिए जोखिम भरे स्थानों पर न जाएं। मानसून के दौरान ऐसी गतिविधियों से पूरी तरह परहेज करने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जिले के हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों को तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।




