Nainital:-काली फिल्म, फर्जी नंबर प्लेट और अवैध नीली बत्ती वालों पर SSP नैनीताल का शिकंजा, ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी

नैनीताल। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और वाहनों में नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत अवैध काली फिल्म, फर्जी नंबर प्लेट, नियम विरुद्ध नीली बत्ती तथा सरकारी विभागों के नाम का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
इसी क्रम में भवाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने हेतु निरीक्षक यातायात महेश चन्द्रा द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक वाहन में अवैध रूप से लगी काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) को मौके पर ही उतरवाया गया तथा वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
वहीं हल्द्वानी क्षेत्र में निरीक्षक यातायात भूपेश पाण्डे द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान वाहन संख्या MP09BF 4149 की नंबर प्लेट नियमों के विपरीत पाई गई। नंबर प्लेट को इस प्रकार डिजाइन किया गया था कि दूर से देखने पर उस पर “यादव” लिखा हुआ प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने इसे मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए संबंधित वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
इसके अलावा हाल ही में कोतवाली लालकुआं पुलिस द्वारा रात्रि चेकिंग के दौरान दिल्ली नंबर की एक संदिग्ध कार को सीज किया गया। जांच में पाया गया कि वाहन पर अवैध रूप से नीली बत्ती लगी हुई थी और उस पर “Delhi Police” लिखा गया था, जबकि वाहन चालक इसके लिए अधिकृत नहीं था।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून सबके लिए समान है और फर्जी रौब झाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कहा कि अवैध हूटर, नीली बत्ती, काली फिल्म और नियम विरुद्ध मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





