कैंची धाम मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट: एसएसपी नैनीताल ने अधिकारियों संग बनाई सुरक्षा और ट्रैफिक की व्यापक रणनीति

हल्द्वानी – विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने गुरुवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन, हल्द्वानी में जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात एवं सीपीयू अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने कैंची धाम मेले की संपूर्ण रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कैंची धाम मेला उत्तराखंड की आस्था का प्रमुख केंद्र है और मेले का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन पुलिस प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में मेले के दौरान प्रभावी ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू करने, पार्किंग स्थलों और बैरियर प्वाइंट्स को व्यवस्थित करने तथा जमीनी स्तर पर ट्रैफिक संचालन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
भवाली क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट्स पर मेले से पूर्व ही 24 घंटे पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए गए ताकि रात्रि के समय भी यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा को प्रभावी बनाने हेतु परिवहन विभाग एवं संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करने की बात कही गई। साथ ही कैंची धाम एवं पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए स्टीकर व्यवस्था को भी सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने भवाली से कैंची धाम मार्ग पर स्थित सभी होटल एवं होमस्टे का ऑडिट कराने के निर्देश देते हुए थाना प्रभारियों को संचालकों के साथ बैठक आयोजित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को ठहरने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा होटल बुकिंग के आधार पर ही आगंतुक वाहनों को आगे जाने की अनुमति देने तथा आवश्यकता अनुसार विभिन्न श्रेणी के वाहनों पर प्रतिबंध लागू करने के निर्देश भी जारी किए गए।
एसएसपी ने साफ कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए शालीन एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना, सीओ यूटी विनय सिंह एवं अंकित थपलियाल सहित जनपद के कई थाना प्रभारी, यातायात अधिकारी, सीपीयू अधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।





