अल्मोड़ाउत्तराखण्डक्राइम

Almora:-फर्जी CBI अफसर बन बुजुर्ग को किया ‘डिजिटल अरेस्ट’, 1200 किमी दूर से दो साइबर ठग दबोचे

ADVERTISEMENTS Ad

अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा क्षेत्र में रहने वाले एक बुजुर्ग को खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने और ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर धमकाकर 7 लाख 20 हजार रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में उत्तराखंड पुलिस की विशेष टीम ने जबरदस्त कार्रवाई करते हुए 1200 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के खरगौन से गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस सफलता को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा ने टीम को 10,000 रुपये का नकद इनाम भी दिया है। प्रकरण के अनुसार, लमगड़ा निवासी बुजुर्ग जीवन सिंह मेहता को 13 जनवरी 2025 को एक वीडियो कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया। बुजुर्ग को झांसे में लेते हुए उन्हें बताया गया कि उनके आधार और पैन कार्ड का प्रयोग एक मनी लॉन्ड्रिंग केस में हुआ है, और अब उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ किया जा रहा है। डर और भ्रम की स्थिति में बुजुर्ग को वीडियो कॉल पर ही पांच दिनों तक जोड़े रखा गया और धमकाया गया कि यदि उन्होंने किसी से बात की या आदेश नहीं माने, तो उनकी गिरफ्तारी या एनकाउंटर भी हो सकता है। ठगों ने बुजुर्ग से कथित जांच के नाम पर उनके खातों से कुल तीन किस्तों में 7,20,000 रुपये अपने बताए खातों में ट्रांसफर करवा लिए। जब पीड़ित के पास और पैसे नहीं बचे तो उन्हें सांत्वना दी गई कि जांच के बाद रुपये लौटा दिए जाएंगे। लेकिन जब काफी दिनों तक पैसे वापस नहीं आए और कॉल्स बंद हो गए, तब 21 फरवरी को पीड़ित ने लमगड़ा थाने में मामला दर्ज कराया। एसएसपी की निगरानी में थाना लमगड़ा, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरागरसी शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और कई स्तरों पर जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने 21 अप्रैल को मध्य प्रदेश के खरगौन जिले से दो आरोपियों संतोष गुर्जर और कपिल सोनी को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और बड़ी साइबर ठगी चेन की भी जानकारी मिल रही है, जिसकी जांच तेजी से की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने साइबर ठगी का एक सुनियोजित नेटवर्क तैयार कर रखा है जो देशभर में बुजुर्गों को टारगेट कर डिजिटल भय पैदा कर लाखों की ठगी को अंजाम दे रहे हैं। इस गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। पुलिस की टीम में लमगड़ा थानाध्यक्ष राहुल राठी, एसओजी प्रभारी भुवन जोशी, साइबर सेल प्रभारी कुमकुम धानिक, चौकी प्रभारी जैंती उपनिरीक्षक दिनेश परिहार, कांस्टेबल परवेज अली आदि शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles