पिथौरागढ़:- सीमांत में नशे पर बड़ा वार: 2 किलो 780 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार


पिथौरागढ़ | 24 फरवरी 2026
जनपद पिथौरागढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। SOG और कोतवाली अस्कोट पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग के दौरान एक युवक को भारी मात्रा में चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, चर्मागाड़ पुल के पास संदिग्ध गतिविधि देख टीम ने एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो 780 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सूरज कुमार निवासी ग्राम छेड़ा, थाना कोतवाली पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस धारचूला क्षेत्र से एक नेपाली व्यक्ति से खरीदकर ला रहा था। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बसन्त पन्त, अपर उपनिरीक्षक दीपक सिंह खनका (SOG), कांस्टेबल सोनू कार्की (SOG), अर्जुन सिंह, आनन्द राणा और दीपक जोशी शामिल रहे।
पुलिस का संदेश
पिथौरागढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। सीमांत क्षेत्र में नशे की सप्लाई चेन को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





