उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

चोरगलिया में सीएम धामी का दौरा, 9.93 करोड़ के शेर नाला पुल का किया लोकार्पण

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी/चोरगलिया – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के भ्रमण पर चोरगलिया पहुंचे। राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के चोरगलिया पहुंचने पर हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनता से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

9.93 करोड़ की लागत से बने पुल का लोकार्पण

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

शेर नाला के मानसून के दौरान उफान पर आने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आवागमन की परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात में नाला उफान पर आने से कई बार यातायात प्रभावित होता था और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। अब नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पुल के लोकार्पण के बाद क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुल का निर्माण मानसून के दौरान आवागमन की समस्या से बड़ी राहत प्रदान करेगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles