उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

हल्द्वानी जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत सख्त, कई मामलों में दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी – आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने  शनिवार  को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम जनता की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में भूमि विवाद, सड़क निर्माण, प्रमाण पत्र, प्रदूषण और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों पर सुनवाई करते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान बागेश्वर जिले के गढ़खेत क्षेत्र से पहुंचे क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण कुमार ने डोकरा से सेलकोन तथा थोलिया बजानी से मिजुलिया तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से सैकड़ों परिवारों को लाभ मिलेगा। इस पर आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

गोलापार क्षेत्र से पहुंचे एक शिकायतकर्ता ने आवासीय क्षेत्र के समीप संचालित मुर्गी फार्म से दुर्गंध और अन्य समस्याओं की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित फार्म संचालक को साफ-सफाई, अपशिष्ट निस्तारण और प्रदूषण मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण विभाग को भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

नैनीताल क्षेत्र से जुड़े एक अन्य प्रकरण में भूमि खरीद और वन पंचायत भूमि पर मार्ग निर्माण की शिकायत सामने आई। इस मामले में आयुक्त ने संबंधित उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

रामनगर क्षेत्र से आए एक शिकायतकर्ता ने भूमि से जुड़े वारिसान नाम दर्ज होने के मामले में अनियमितता की शिकायत दर्ज कराई। इस पर आयुक्त ने तहसीलदार रामनगर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनसुनवाई के दौरान अन्य कई मामलों में भी अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई और समाधान के निर्देश दिए गए। आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है तथा संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles