बाजपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का साइबर जागरूकता शिविर, बच्चों को बताया डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव

बाजपुर। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बाजपुर प्रथम में साइबर जागरूकता शिविर एवं रैली का आयोजन किया। यह कार्यक्रम जिला सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) ममता पंत के निर्देशों पर आयोजित किया गया।

शिविर में पैरा लीगल वालंटियर (PLV) शिवानी ने छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी और “डिजिटल अरेस्ट” जैसे नए साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और OTP किसी से भी साझा न करने की सलाह दी तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
PLV ब्रजवाला शर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि गरीब, महिला, बच्चे और वरिष्ठ नागरिक मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए नालसा हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।
वहीं PLV गीता शर्मा ने बच्चों से अपील की कि वे साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर ठगी से बच सकें।
कार्यक्रम में PLV शिवानी, ब्रजवाला शर्मा और गीता शर्मा ने बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें सरल भाषा में साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स दिए तथा जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि भविष्य में जिले के अन्य विद्यालयों में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



