Dehradun:-रेल कनेक्टिविटी, स्टेशन विकास और सुरक्षा को मिलेगी नई रफ्तार, अश्विनी वैष्णव


देहरादून – केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का आवंटन मिलने को राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।
पीआईबी देहरादून के माध्यम से आयोजित वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेल मंत्री ने कहा कि यह आवंटन वर्ष 2014 से पहले की तुलना में 26 गुना अधिक है, जिससे प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी, स्टेशन विकास और सुरक्षा कार्यों को अभूतपूर्व गति मिलेगी।
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि इस बार भारतीय रेलवे को कुल 2.93 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय बजट मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट पहाड़ी राज्यों, विशेषकर उत्तराखंड के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच उत्तराखंड को रेलवे कार्यों के लिए मात्र 187 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जबकि वर्तमान में राज्य में 39,491 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं संचालित हैं। इन परियोजनाओं में नए रेल ट्रैक का निर्माण, स्टेशनों का पुनर्विकास और आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के तहत उत्तराखंड के 11 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है, जिसके लिए 147 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके साथ ही प्रदेश में प्रीमियम रेल सेवाओं का भी विस्तार हुआ है। वर्तमान में उत्तराखंड में तीन वंदे भारत एक्सप्रेस और एक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित हो रही हैं।
नेटवर्क विस्तार पर प्रकाश डालते हुए रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद से अब तक लगभग 76 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का निर्माण किया जा चुका है। वहीं उत्तराखंड ने रेलवे में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है और इस अवधि में 334 किलोमीटर रेल लाइनों का इलेक्ट्रिफिकेशन किया गया है।
यात्रियों की सुरक्षा और यातायात सुगमता को लेकर राज्य में वर्ष 2014 के बाद 106 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अब तक 54 ‘कवच’ सुरक्षा सिस्टम स्वीकृत किए जा चुके हैं।
रेल मंत्री ने बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस परियोजना पर कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और यह जल्द ही उद्घाटन की दिशा में अग्रसर है।
उन्होंने विश्वास जताया कि रेल बजट 2026-27 उत्तराखंड के आर्थिक, पर्यटन और सामाजिक विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





