Dehradun:-23 मई से खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट, 20 मई को रवाना होगा पहला जत्था

देहरादून – उत्तराखंड की पवित्र धार्मिक यात्राओं में शामिल हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट ने यात्रा तिथियों की घोषणा करते हुए बताया कि इस वर्ष हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इससे पहले 20 मई 2026 को यात्रा के पहले जत्थे का पारंपरिक विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा।
रविवार को गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर आगामी यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को 20 मई को आयोजित होने वाले पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और शासन-प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आश्वासन दिया कि हेमकुंड साहिब यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
वहीं, ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पहले जत्थे का नेतृत्व पारंपरिक रूप से ‘पंज प्यारों’ द्वारा किया जाएगा, जो सिख परंपरा का अहम हिस्सा है। यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग इस पावन यात्रा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।





