उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:- एसआईआर समीक्षा बैठक, डिजिटलाइजेशन में तेजी लाने को अतिरिक्त टीमें तैनात होंगी

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – जनपद नैनीताल में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को राज्य अतिथि गृह, हल्द्वानी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल की उपस्थिति में अभियान की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

समीक्षा बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी, भीमताल, हल्द्वानी एवं नैनीताल में गणना प्रपत्रों के डिजिटलीकरण कार्य की स्थिति पर चर्चा की गई। डिजिटलाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित उपजिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह एवं सायंकाल बूथवार समीक्षा कर कार्य में तेजी लाई जाए।

डॉ. जोगदण्डे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन आयोग का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बूथों पर डिजिटलीकरण की प्रगति कम है, वहां विशेष फोकस किया जाए तथा अतिरिक्त डाटा एंट्री ऑपरेटरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण कार्य को गति देने के लिए अतिरिक्त मोबाइल टीमों को भी लगाया जाए, जो हेल्पिंग हैंड के रूप में बीएलओ का सहयोग करें। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया जाए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या है, वहां मोबाइल एवं आईटी टीमों को भेजकर बीएलओ को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि डिजिटलीकरण कार्य प्रभावित न हो। नगरीय क्षेत्रों में भी मतदाताओं के सहयोग और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के लिए मोबाइल टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्य समयबद्ध होते हैं और एसआईआर अभियान भी उसी श्रेणी का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटलाइजेशन कार्य को समय पर पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। जिन क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं है, वहां के गणना प्रपत्रों को निर्धारित केंद्रों तक लाकर डिजिटलीकरण कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यदि कोई घर बंद मिलता है तो बीएलओ कम से कम तीन बार वहां जाएं, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को साथ लेकर आवश्यक दस्तावेजीकरण भी सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान अधिकारियों को बीएलओ ऐप के नए मॉड्यूल्स का प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि मतदाता सत्यापन एवं डिजिटलीकरण कार्य अधिक प्रभावी और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे सहित सभी उपजिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles