उत्तराखण्डखटीमाज़रा हटके

“उत्तराखंड राज्य जयंती पर खटीमा में भव्य कृषि गोष्ठी—सीएम धामी बोले: किसान मजबूत होगा तो प्रदेश मजबूत होगा”

Ad

खटीमा – उत्तराखंड राज्य जयंती के अवसर पर गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर द्वारा लोहियाहैड मैदान में भव्य कृषि गोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि किसान देश और प्रदेश की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि किसान मजबूत होगा तो उत्तराखंड और देश, दोनों और मजबूत होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंतनगर विश्वविद्यालय हरित क्रांति की जन्मस्थली रहा है और लगातार कृषि क्षेत्र में शोध व नवाचार कर रहा है।

सीएम धामी ने किसानों से उन्नत बीजों, वैज्ञानिक तकनीकों और आधुनिक कृषि उपकरणों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ संचालित कर रही है, जिनका लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पहली बार गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के लिए गन्ने के मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने किसानों से गन्ने का रकबा बढ़ाने और अधिक उत्पादन करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान पंतनगर विश्वविद्यालय और कृषि विभाग सहित विभिन्न संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की प्रदर्शनी ने सीमांत क्षेत्रों के किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी प्रदान की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी द्वारा —

रीप परियोजना के अंतर्गत 6 ई-रिक्शा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को,

कृषि विभाग के दो प्रगतिशील किसानों को ₹49,750/- के अनुदान चेक,

तथा 1,000 किसानों के लिए कृषक किट में से 5 किसानों को प्रतीकात्मक रूप से किट वितरित की गई।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि “किसान और सरकार मिलकर उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे।” इस दौरान किसानों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने पर मुख्यमंत्री का जोरदार तालियों और नारों से स्वागत किया।

कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

Ad

Related Articles