उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:-एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव में 12,800 मतदाता करेंगे फैसला, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

हल्द्वानी। कुमाऊं के सबसे बड़े एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मंगलवार सुबह मतदान शुरू हो गया। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के धीरज बिष्ट, एनएसयूआई के मेहुल शाह और एबीवीपी के बागी प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। करीब 12,800 छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

नामांकन के दौरान हुए हंगामे को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कॉलेज परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। निगरानी के लिए ड्रोन, मोबाइल पुलिस टीमें और एंटी-रायट टीम भी सक्रिय हैं।

पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी हार्डकोर अपराधी, आपराधिक इतिहास वाले व्यक्ति या अराजक तत्व को कॉलेज परिसर अथवा आसपास के क्षेत्र में घूमते पाए जाने पर तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चुनाव में बाहरी तत्वों की दखल रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था भी की है।

नैनीताल पुलिस ने दो टूक संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चुनाव के दौरान धमकी, हिंसा, बवाल या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मतदान सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम सामने आने की उम्मीद है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए चार मजिस्ट्रेट समेत पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।

चुनाव को देखते हुए शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक डायवर्जन और जीरो जोन भी लागू रहेगा। पुलिस-प्रशासन ने छात्रों और आम लोगों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles