Lalkuan:-टांडा रेंज में 3 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, वन विभाग ने शुरू की तैयारी

लालकुआँ – तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज में आगामी मानसून सत्र को देखते हुए वन विभाग ने बड़े स्तर पर पौधारोपण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभाग द्वारा इस वर्ष रेंज क्षेत्र में लगभग 3 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए रेंज की सभी नर्सरियों में पौधे तैयार किए जा रहे हैं।
वन विभाग के अनुसार इस बार अधिक से अधिक पौधे जीवित रहें, इसके लिए स्थानीय प्रजातियों पर विशेष फोकस किया गया है। गत वर्षों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए थे, लेकिन इस बार सभी नर्सरियों में स्थानीय प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी गई है। विभाग द्वारा पहले चरण में लगभग 130 एकड़ वन भूमि पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा।
टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने बताया कि आगामी हरेला पर्व और वन महोत्सव के अवसर पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। इसके तहत रेंज की विभिन्न बीटों में पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और वन क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से इस अभियान को युद्ध स्तर पर संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष युकेलिप्टिस, जामुन, बेहड़ा, बरगद, पीपल सहित जंगली जानवरों के लिए फलदार पौधे भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही आमजन को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण में भागीदारी करें।
वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने कहा कि पेड़-पौधों के कारण ही पूरी दुनिया का अस्तित्व है और इनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि हरेला पर्व से पौधारोपण अभियान की शुरुआत होगी, जो पूरे मानसून सत्र तक जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत भी बड़े स्तर पर स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही आम जनता से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई है।





