Haldwani:-जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी – बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई अमन ठाकुर की हत्या का नैनीताल पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को स्थानीय पार्षद ने बनभूलपुरा पुलिस को जवाहर नगर में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक व्यक्ति बरामदे में मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। बताया गया कि अमन पिछले करीब चार-पांच वर्षों से उक्त मकान में रह रहा था।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान फॉरेंसिक टीम को मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिला। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 151/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत निक्की उर्फ नाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले के खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को आरोपी निक्की उर्फ नाटी को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दुपट्टा जवाहर नगर स्थित मस्ता टेंट हाउस से बरामद किया गया।
पत्नी से संबंधों का था शक
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मृतक अमन को पसंद नहीं करता था और उसे अपनी पत्नी के साथ अमन के संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर आरोपी का पत्नी और अमन के साथ आए दिन विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेन्द्र बाल्मिकी, निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, बनभूलपुरा, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, उपनिरीक्षक मनोज यादव सहित कांस्टेबल मौ. यासीन, लक्ष्मण राम, मेहबूब अली, सुनील कुमार और दिलशाद अहमद शामिल रहे।




