Haldwani:-शस्त्रों और उपकरणों की पूजा कर नैनीताल पुलिस ने मनाई विश्वकर्मा जयंती

नैनीताल – निर्माण एवं सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने गुरुवार को शस्त्रों, उपकरणों और कार्यस्थलों की पूजा-अर्चना की। पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया और पुलिसकर्मियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार, संचार शाखा और परिवहन शाखा में औजारों, मशीनों, शस्त्रों एवं विभिन्न उपकरणों को सजाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान पुलिस कार्यों में प्रतिदिन इस्तेमाल होने वाले शस्त्रों और उपकरणों की सुरक्षा, कार्यक्षमता एवं सुचारु संचालन के लिए भगवान विश्वकर्मा से प्रार्थना की गई।
पूजन कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के साथ एसपी ऑफिस/संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, आरआई संचार राजकुमार बिष्ट, एसआई एमटी दलजीत मर्तोलिया, आर्मोरर मंगल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद पुलिसकर्मियों को प्रसाद एवं मिष्ठान वितरित किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती कार्य के प्रति निष्ठा, कौशल, अनुशासन, समर्पण और सृजनशीलता की प्रेरणा देती है। पुलिस बल के लिए शस्त्र और उपकरण केवल कार्य के साधन नहीं, बल्कि जनसेवा एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनका सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग प्रत्येक पुलिसकर्मी के कर्तव्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्य के प्रति पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
थानों और पुलिस इकाइयों में भी हुआ पूजन
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर जिले के सभी पुलिस थानों, चौकियों एवं अन्य पुलिस इकाइयों में भी पूजा-अर्चना की गई। कोतवाली हल्द्वानी में एसपी सिटी मनोज कत्याल एवं प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता सहित पुलिसकर्मियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
इस दौरान विभिन्न पुलिस इकाइयों के शस्त्रागार, वर्कशॉप एवं अन्य कार्यस्थलों में शस्त्रों, औजारों, मशीनों और उपकरणों का विधिवत पूजन किया गया। पुलिसकर्मियों ने उपकरणों की सुरक्षा एवं सुचारु संचालन की कामना करते हुए विश्वकर्मा जयंती मनाई।




