Haldwani:-2026-27 बजट प्रस्तावों पर मुहर: आय बढ़ाने के साथ जनता को राहत देने की पहल


हल्द्वानी – नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट और नगर आयुक्त परितोष वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में बजट प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जहां एक ओर निगम की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया, वहीं करदाताओं को राहत देने के लिए भी कई अहम फैसले लिए गए।
नगर निगम की आय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निगम के स्वामित्व वाली दुकानों के किराए में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही बैठक में विभिन्न नामांतरण प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
नव सम्मिलित क्षेत्रों के व्यवसायिक भवन स्वामियों को राहत देते हुए नगर निगम ने विशेष छूट का ऐलान किया है। तय किया गया है कि 31 मार्च 2026 से पहले संपत्ति कर जमा करने पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह कदम नए क्षेत्रों के करदाताओं को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।
इसके अलावा, नगर निगम ने नियमित करदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए भी एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिन भवन स्वामियों का 1 अप्रैल 2026 तक कोई बकाया नहीं होगा, उन्हें वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी 31 जुलाई 2026 तक भवन एवं स्वच्छता कर जमा करने पर 25 प्रतिशत की छूट का लाभ मिलेगा।
नगर निगम के इन फैसलों को जहां एक ओर राजस्व बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, वहीं करदाताओं को दी गई छूट से आम जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।





