Haldwani:-अंबिका विहार हादसे पर सख्त हुए विधायक सुमित हृदयेश, USDDA कार्यालय के बाहर धरना देकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग


अंबिका विहार हादसे पर सख्त हुए विधायक सुमित हृदयेश, USDDA कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन
खुले सीवर चैम्बर और टूटी सड़क पर उठे सवाल, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
हल्द्वानी – हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में पनचक्की चौराहे से मुखानी चौराहे को जोड़ने वाले मार्ग पर अंबिका विहार जाने वाली गली के समीप हुई सड़क दुर्घटना में श्री सुरेश पांडेय के असामयिक निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है। इस घटना को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही से जोड़ते हुए हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सख्त रुख अपनाया है।
सोमवार को विधायक सुमित हृदयेश ने तल्ली बमौरी स्थित (USDDA) कार्यालय के बाहर स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया एवं क्षेत्रीय नागरिकों के साथ शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
खुले सीवर चैम्बर बने चिंता का विषय
विधायक ने कहा कि उक्त मार्ग पर USDDA द्वारा बनाए गए बड़े और खुले सीवर चैम्बर तथा जर्जर सड़क इस हादसे के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। स्थानीय नागरिकों ने पूर्व में भी इन समस्याओं को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, नगर निगम तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने और स्थिति की समीक्षा करने की बात कही गई। विधायक ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पहले भी दिया गया था सुझाव
विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि लगभग 15 दिन पूर्व उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारी से इस मार्ग को वन-वे घोषित करने का अनुरोध किया था, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। उनका कहना है कि यदि उस समय सुझाव पर गंभीरता से विचार किया जाता, तो संभवतः इस प्रकार की घटना टाली जा सकती थी।
प्रमुख मांगें
धरना-प्रदर्शन के दौरान निम्न मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं—
संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मार्ग की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने हेतु सुधारात्मक कदम उठाए जाएँ।
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विधायक ने कहा कि यह केवल एक परिवार की क्षति नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।





