उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

हल्द्वानी बनभूलपुरा प्रकरण: पुनर्वास कैंप शुरू, हजारों लोग भर रहे फॉर्म, प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार

Ad

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर तेज हुआ पुनर्वास अभियान, ईद के दिन कैंप रहेंगे बंद

हल्द्वानी – बहुचर्चित बनभूलपुरा बनाम रेलवे प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में प्रभावित क्षेत्र में पुनर्वास प्रक्रिया ने अब रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार से क्षेत्र में पुनर्वास कैंपों का संचालन शुरू कर दिया गया है, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचकर योजना का लाभ लेने के लिए फॉर्म भर रहे हैं।

प्रशासन की ओर से इस पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तराखंड के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी ने कैंपों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और याचिकाकर्ताओं से संवाद कर प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेशों के तहत यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि फॉर्म वितरण की प्रक्रिया तीन दिन पहले ही शुरू कर दी गई थी और अब तक 4000 से अधिक फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।

आगामी ईद को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील निर्णय लेते हुए एक दिन के लिए कैंप बंद रखने का फैसला किया है, ताकि लोग अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें। अधिकारियों के अनुसार, अगले दिन से पुनः कैंप पूरी सक्रियता के साथ संचालित किए जाएंगे।

प्राधिकरण सचिव ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया केवल प्रभावित लोगों की सहायता और उनके सामाजिक-आर्थिक आंकलन के उद्देश्य से की जा रही है, जिसका किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है।

एकत्रित की जा रही जानकारी को रिपोर्ट के रूप में न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर उचित और ठोस निर्णय लिया जा सके।

Ad Ad

Related Articles