Haldwani:-वरिष्ठों के सम्मान से लेकर चारधाम तक सीएम धामी ने गिनाईं सरकार की प्राथमिकताएं

हल्द्वानी – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान कार्यक्रम में शिरकत कर बुजुर्गों के प्रति सम्मान का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने मंच से उतरकर वरिष्ठ नागरिकों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 15 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और मंत्री खजान दास सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि नैनीताल जिले के कोटाबाग क्षेत्र में एक आधुनिक और सुविधायुक्त वृद्धाश्रम का निर्माण किया जाएगा।
इसके साथ ही बुजुर्गों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए 50 मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे, जो देखभाल से जुड़े कौशल विकसित करेंगे। राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल और असम के एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता अब डबल इंजन सरकार के विकास मॉडल पर विश्वास जता रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर तालमेल से विकास कार्यों में तेजी आती है, और यही कारण है कि दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की मजबूत सरकार बनने जा रही है।
नैनीताल जिले में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री ने इसे बेहद संवेदनशील मुद्दा करार दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय की जाएगी और आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही इस समस्या के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि जनहानि को रोका जा सके।
चारधाम यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। उन्होंने इसे सनातन आस्था और भक्ति की पवित्र यात्रा बताते हुए कहा कि यात्रा को पूरी तरह सुगम और सुरक्षित बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा का भरोसा दिलाया।





