उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

जमाखोरी-कालाबाजारी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, डीएम रयाल ने एडीएम और एसडीएम को दिए निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

नैनीताल – जमाखोरी, मिलावटखोरी, कालाबाजारी और ओवररेटिंग के खिलाफ नैनीताल जिले में प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की टीमें लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं। विशेष रूप से खाद्यान्न, मिठाई, मेवे तथा दूध-डेयरी उत्पादों में मिलावट पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत खाद्य पदार्थों में मिलावट, मिसब्रांडिंग और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सैंपल लेने के बाद नहीं थमेगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं, कार्रवाई केवल उन्हें प्रयोगशाला भेजने तक सीमित न रहे। संबंधित अधिकारी प्रयोगशाला रिपोर्ट का नियमित फॉलोअप करें और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले को उसके अंतिम परिणाम तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जमाखोरी और ओवररेटिंग पर भी होगी सख्ती

जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भी जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतें सामने आती हैं, वहां भी तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन और सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा शिकायत मिलने पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की ओर से आमजन से भी अपील की गई है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी, कालाबाजारी या ओवररेटिंग की जानकारी सामने आने पर तत्काल प्रशासन अथवा खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

त्योहारी सीजन को देखते हुए बढ़ाई निगरानी

प्रशासन की इस कार्रवाई को आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इस दिशा में जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad

Related Articles