उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

Haldwani:- धीमे निर्माण कार्यों पर सख्त हुए आयुक्त दीपक रावत, तय समय में काम पूरा करने के निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी – हल्द्वानी शहर में लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से संचालित सड़क एवं ड्रेनेज परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को उन्होंने शहर में यूयूएसडीए (UUSDA) द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कैंप कार्यालय से मंगल पड़ाव तक पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने शनि बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण परियोजनाओं में हो रही देरी पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए बाधाओं का तत्काल समाधान करें। यूयूएसडीए के अधिकारियों को माइक्रो प्लान तैयार कर युद्धस्तर पर कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए।

आयुक्त ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण कार्यों के कारण खोदी गई सड़कों और गड्ढों से आमजन को हो रही परेशानी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बरेली रोड पर हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए आयुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ समन्वय कर दुर्घटना संभावित स्थान पर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। साथ ही एनएचएआई अधिकारियों को ऐसे स्थानों पर शीघ्र चेतावनी संकेतक (साइनेज) लगाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन कभी भी रॉन्ग साइड में न चलाएं, क्योंकि यह न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण भी बनता है।

दीपक रावत ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क खोदने के बाद उसकी पुनर्स्थापना समय पर की जाए तथा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, यूयूएसडीए की परियोजना निदेशक मृदुला सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत सिंह, उपजिलाधिकारी मोनिका, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष सिंह सहित विद्युत, पेयजल एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles