Haldwani:-अंबेडकर जयंती पर स्वराज आश्रम में जुटे कांग्रेसजन, सामाजिक न्याय का लिया संकल्प

हल्द्वानी – स्वराज आश्रम में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक महान विचारधारा हैं। उन्होंने देश को ऐसा संविधान दिया, जो हर वर्ग, हर समाज और हर नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज हम सभी की जिम्मेदारी है कि उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को मजबूत किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बाबा साहेब के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने बाबा साहेब के सामाजिक न्याय, समानता एवं संविधान के प्रति उनके अमूल्य योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि आज भी उनके विचार समाज के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। सभी ने समाज में भाईचारा और समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, नरेश गुणवंत, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, गोविंद बगड़वाल, वरिष्ठ महानगर उपाध्यक्ष हरीश लाल वैध, जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र उपाध्याय, महानगर उपाध्यक्ष अमित रावत, बबलू बिष्ट, ताहिर हुसैन सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।





