वनाग्नि के खतरे को लेकर हल्द्वानी वन प्रभाग पूरी तरह सतर्क, संसाधनों से लैस टीमें हर स्थिति से निपटने को मुस्तैद

हल्द्वानी – गर्मियों के मौसम में वनाग्नि की बढ़ती आशंका के बीच हल्द्वानी वन प्रभाग ने पूरी तैयारी के साथ मोर्चा संभाल लिया है। प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) कुंदन कुमार ने बताया कि वनाग्नि से निपटने के लिए विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली गई हैं और वर्तमान में क्षेत्र में किसी भी बड़े खतरे की स्थिति नहीं है।
उन्होंने जानकारी दी कि वन प्रभाग के अंतर्गत सभी क्रू स्टेशन पूर्ण रूप से सक्रिय कर दिए गए हैं, जहां आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही फायर वॉचर्स की तैनाती भी पूरी कर ली गई है तथा उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीमा कवर भी प्रदान किया गया है।
डीएफओ ने बताया कि आग पर त्वरित नियंत्रण के लिए आवश्यक उपकरण संबंधित टीमों को उपलब्ध करा दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि फिलहाल क्षेत्र में वनाग्नि को लेकर कोई गंभीर अलर्ट नहीं है, लेकिन छोटी घटनाओं पर भी विभाग पूरी सतर्कता के साथ नजर बनाए हुए है और तत्काल नियंत्रण किया जा रहा है।
कुंदन कुमार ने आश्वस्त किया कि वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।





