उत्तराखण्डक्राइमहल्द्वानी

Haldwani:- पुलिस ने दबोचा शातिर चोर, लाखों के जेवरात बरामद, तीन चोरी की वारदातों का खुलासा

ADVERTISEMENTS Ad

लालकुआं – जनपद नैनीताल के थाना लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये कीमत के लगभग 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में वर्ष 2025 और 2026 की तीन बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। मामले के अनुसार, चित्रकूट तिवारी नगर बिन्दुखत्ता निवासी श्रीमती चन्द्रा देवी पत्नी खड़क सिंह ने 19 मई 2026 को थाना लालकुआं में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी कर ले गया। इस संबंध में थाना लालकुआं में मु0एफआईआर संख्या 77/2026 धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को वर्ष 2025 में हुई दो अन्य चोरी की घटनाओं से भी समानता मिली। इनमें 29 मई 2025 को संजयनगर द्वितीय बिन्दुखत्ता निवासी श्रीमती पार्वती देवी के घर से जेवरात और नकदी चोरी होने का मामला तथा 19 जुलाई 2025 को रावतनगर द्वितीय बिन्दुखत्ता निवासी कुंवर सिंह मेहता के घर में चोरी की घटना शामिल थी। दोनों मामलों में थाना लालकुआं में मुकदमे दर्ज थे।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने क्षेत्र और आसपास के लगभग 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

23 मई 2026 को चौकी प्रभारी बिन्दुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने आया हुआ है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल निवासी मुड़िया नवी बक्श थाना बहेड़ी जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सोने के टूटे हुए आभूषण बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास मौजूद पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट के अंदर छिपाकर रखे गए कई अन्य सोने के आभूषण भी पुलिस ने बरामद किए। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह दिन में बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही ताला तोड़कर घरों से नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी कुछ आभूषण बेच चुका था और उनसे मिली रकम खर्च कर चुका था, जबकि बाकी जेवर बेचने की तैयारी में था। शिकायतकर्ताओं द्वारा बरामद जेवरों की पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

बरामद माल में हार, नथ, मंगलसूत्र, चेन, मांगटीका, झुमके, अंगूठियां, कान के टॉप्स, पौंची और अन्य सोने के आभूषण शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर तीनों मुकदमों का खुलासा हो गया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी, हेड कांस्टेबल इसरार नवी, कांस्टेबल कमल बिष्ट, दयाल नाथ, आनंद पुरी, उमेश गिरी, मनीष नौटियाल, दिलीप कुमार और विरेंद्र रौतेला शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles