Nainital:-भारी बारिश का खतरा, डीएम ललित मोहन रयाल ने जारी किए सख्त निर्देश

नैनीताल – भारतीय मौसम विभाग, देहरादून द्वारा 30 जुलाई के लिए जनपद नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि लगातार बारिश के चलते भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा और पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों और गैंग कर्मियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़कें बंद होने की स्थिति में उन्हें तत्काल खोला जा सके।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने, मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को भी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाले सभी संसाधन पहले से तैयार रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी देरी के कार्रवाई शुरू की जा सके।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल नंबर 8272080884 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर दी जा सकती है।




