Haldwani:-बनभूलपुरा में नशे पर पुलिस का शिकंजा, 369 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

हल्द्वानी – नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 369 ग्राम अवैध चरस के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चरस तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा बनभूलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
7 अगस्त 2026 को पुलिस टीम गौला बाईपास रोड स्थित यात्री विश्रामगृह के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 369 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान विक्रम सिंह बर्गली (34) पुत्र रणजीत सिंह बर्गली, निवासी ग्राम गलनी, थाना खन्स्यू, नैनीताल, हाल निवासी गिरजा बिहार, कमलुवागांजा, थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में की है। पुलिस ने चरस के साथ तस्करी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल संख्या UK 04 N 8763 भी कब्जे में ले ली।
मामले में थाना बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 128/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, कांस्टेबल सुच्चा सिंह और कांस्टेबल शिवम कुमार शामिल रहे।




