लालकुआं दुग्ध संघ ने प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अध्यक्ष मुकेश बोरा को किया सम्मानित

लालकुआं – दुग्ध उत्पादन एवं सहकारिता के क्षेत्र में लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। बेहतर कार्यप्रणाली, दुग्ध उपार्जन और प्रबंधन के दम पर संघ को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि से लालकुआं के साथ ही नैनीताल जनपद का नाम भी प्रदेशभर में रोशन हुआ है।
उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 की दुग्ध उपार्जन संबंधी गतिविधियों के आंकड़ों के आधार पर लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का चयन सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए किया गया है।
शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले में प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सम्मानित करते हुए सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान मंत्री ने संघ की उपलब्धि की सराहना की।
संघ को मिला यह सम्मान उसकी बेहतर कार्यप्रणाली, प्रबंधन क्षमता और दुग्ध उत्पादकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की मेहनत, दुग्ध समितियों की सक्रियता और सहकारी व्यवस्था के बेहतर संचालन से लालकुआं दुग्ध संघ ने यह उपलब्धि हासिल की है।
प्रमाण-पत्र उत्तराखंड सहकारी डेरी फेडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी एवं उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षरों से जारी किया गया है।




