Haldwani:-अवैध बस और टैक्सी संचालन से रोडवेज परेशान, कार्रवाई नहीं हुई तो 26 मार्च के बाद आंदोलन की चेतावनी


हल्द्वानी – उत्तराखंड परिवहन निगम के मार्गों पर अवैध रूप से संचालित डग्गामार वाहनों और स्टेज कैरियर परमिट की शर्तों के उल्लंघन को लेकर रोडवेज कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कुमाऊं क्षेत्र की विभिन्न रोडवेज यूनियनों ने संभागीय परिवहन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध संचालन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 26 मार्च तक ठोस कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा) कुमाऊं क्षेत्र के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश की जनता को सस्ती, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित परिवहन निगम के सामने अवैध संचालन बड़ी चुनौती बन गया है। उनका आरोप है कि कई अंतरराज्यीय मार्गों पर निजी स्टेज कैरियर बसें ऑनलाइन बुकिंग एप के माध्यम से कॉन्ट्रैक्ट कैरिज की तरह अवैध संचालन कर रही हैं।
यूनियन के अनुसार इन वाहनों में यात्री प्रति व्यक्ति ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सफर कर रहे हैं और रास्ते में रोडवेज बसों के यात्रियों को भी बैठा लिया जाता है, जो परमिट की शर्तों का उल्लंघन है। उनका कहना है कि इस तरह के संचालन से यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
पदाधिकारियों ने बताया कि ऑफ सीजन में कम किराया दिखाकर यात्रियों को आकर्षित किया जाता है, जबकि पीक सीजन में मनमाना किराया वसूला जाता है। इसके अलावा कई वाहन सड़क किनारे कहीं भी यात्रियों को चढ़ाने और उतारने लगते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
यूनियनों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय टैक्सियां रोडवेज बस स्टेशनों के आसपास और कई मामलों में स्टेशन परिसर के भीतर से ही सवारियां भर रही हैं। इससे रोडवेज बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं और निगम की आय पर भी असर पड़ रहा है।
यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि अवैध संचालन के कारण निगम की आय में गिरावट आई है, जिससे बसों के रखरखाव, स्पेयर पार्ट्स की खरीद और कर्मचारियों के वेतन भुगतान में भी कठिनाई हो रही है।
इस संबंध में यूनियनों ने प्रशासन से मांग की है कि निगम के मार्गों पर चल रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। साथ ही ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से हो रहे अवैध संचालन पर रोक लगाई जाए और बस स्टेशनों के एक किलोमीटर के दायरे में अवैध टैक्सी स्टैंड बंद कराए जाएं।
यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि 26 मार्च 2026 तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कुमाऊं मंडल की सभी सक्रिय यूनियनें एकजुट होकर संभागीय परिवहन कार्यालय के सामने उग्र आंदोलन शुरू करेंगी।
वहीं इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि रोडवेज यूनियन के कुछ पदाधिकारी उनसे मिले थे और बस स्टेशन के आसपास टैक्सी, मैक्सी और अन्य वाहनों द्वारा अवैध रूप से सवारियां ढोने की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन दल को निर्देश दिए गए हैं कि रोडवेज बस स्टेशन के आसपास अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्री बस स्टेशन से ही अपने गंतव्य के लिए यात्रा करें।
साथ ही यूनियन पदाधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर संचालन न करें और बस स्टेशन परिसर के भीतर से ही यात्री परिवहन सुनिश्चित करें।





