ऐतिहासिक रहा कैंची धाम स्थापना दिवस मेला 2026, रिकॉर्ड श्रद्धालुओं ने किए दर्शन; प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की हुई सराहना

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में आयोजित स्थापना दिवस मेला-2026 इस वर्ष कई मायनों में ऐतिहासिक और यादगार साबित हुआ। मेले के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित समापन के बाद श्री कैंची मंदिर समिति और मंदिर प्रबंधन ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन तथा नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए इसे पिछले कई दशकों का सबसे सफल और चमत्कारिक आयोजन बताया।
श्री कैंची मंदिर समिति के सचिव श्री आलोक चोपड़ा और प्रबंधक श्री प्रदीप साह ने कहा कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से कैंची धाम की सेवा से जुड़े हैं, लेकिन अपने जीवन में उन्होंने इतना भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व संख्या वाला मेला पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या सभी अनुमान और पूर्व रिकॉर्ड से कहीं अधिक रही, बावजूद इसके प्रशासन और पुलिस विभाग की उत्कृष्ट कार्ययोजना तथा सतत निगरानी के चलते व्यवस्थाएं पूरी तरह नियंत्रित और सुचारू बनी रहीं।
मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और नैनीताल पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्य किया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते रहे और मेला समापन तक उनकी सक्रिय भूमिका बनी रही।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा दर्शन का समय एक घंटे तक बढ़ाया गया, जिससे अंतिम कतार में खड़े श्रद्धालुओं को भी बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन का अवसर मिल सका। इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल ने मंदिर समिति, सेवादारों और स्थानीय जनता का भी सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मंदिर समिति के अनुसार, मेले के सफल आयोजन में राज्य सरकार का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। वहीं कुमाऊं आयुक्त, आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी, एसएसपी नैनीताल सहित पुलिस और प्रशासन के विभिन्न विभागों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस विशाल आयोजन को सफलता के नए आयाम तक पहुंचाया।
मेला समापन के अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं, सेवादारों और अधिकारियों ने “नीब करौरी बाबा की जय” के जयघोष के साथ अपनी प्रसन्नता और संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, मंदिर समिति के सचिव आलोक चोपड़ा, प्रबंधक प्रदीप साह, सदस्य मंजुल कुमार जोशी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, पीआरओ हेमा ऐठानी सहित मंदिर समिति के सदस्य, सेवादार एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 न केवल श्रद्धा और आस्था का संगम बना, बल्कि प्रशासन, पुलिस और मंदिर प्रबंधन के उत्कृष्ट समन्वय का भी एक सफल उदाहरण साबित हुआ।





