Lalkuan:-स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर जनजागरूकता गोष्ठी, 3500 स्वच्छ दूध उत्पादन किट बांटी गईं

नैनीताल – जनपद नैनीताल के लालकुआं आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित करते हुए प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए। यह कार्यक्रम नैनीताल स्थित शैले हॉल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत दुग्ध उपार्जन एवं विपणन विषय पर जनजागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें डेयरी कार्य से जुड़ी पारंपरिक वेशभूषा में सैकड़ों महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे। गोष्ठी में दुग्ध उत्पादकों को आधुनिक तकनीकों, विपणन व्यवस्था और स्वच्छ दूध उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
जिला योजना के अंतर्गत स्वच्छ दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम में 3500 किट का वितरण भी किया गया। साथ ही प्रोत्साहन राशि के रूप में 78 लाभार्थियों को कुल 1 लाख 17 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या ने दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक महिलाओं को संबोधित करते हुए जंगलों में चारा लेने जाते समय झुंड में जाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। साथ ही पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
समिति के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध मूल्य में पिछले 18 महीनों में 13 रुपये की वृद्धि किए जाने पर दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और दुग्ध विकास मंत्री के मार्गदर्शन में डेयरी क्षेत्र को लगातार सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि साइलेज अनुदान को 30 करोड़ से बढ़ाकर 40 करोड़ तथा दुग्ध प्रोत्साहन राशि को 30 करोड़ से बढ़ाकर 35 करोड़ किए जाने से दुग्ध उत्पादकों में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि गोपाल सिंह रावत, भाजपा मंडलाध्यक्ष नितिन कार्की, मंडी परिषद सलाहकार मनोज जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के देश के विकास में योगदान को याद करते हुए उन्हें महान जननायक बताया।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, खष्टी देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पी. एंड आई. सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, कृपाल सिंह, हरीश आर्य, मुन्नी आर्या, नीमा साह, गीता नेगी, मीना रौतेला, हेमंत पाल, विपिन तिवारी, महेश पांडे, चंद्रशेखर बमेटा, जितेंद्र खोलिया, कुंदन असगोला, लोकेश शर्मा, गौरव चौहान, सुमित पांडे, मोहन पांडे, पूरन मिश्रा, प्रखर साह, विमल कुमार, प्रमोद बोहरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना रहा।





