उत्तराखण्डज़रा हटकेरुद्रपुर

सांसद अजय भट्ट ने किया रिंग रोड निर्माण का निरीक्षण, जाम से राहत के लिए दिए सख्त निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad

रिंग रोड से जाम और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

रुद्रपुर – निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी रिंग रोड परियोजना का क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री और परियोजना की समयसीमा को लेकर नेशनल हाईवे अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि रिंग रोड परियोजना रुद्रपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। इसके पूरा होने से शहर को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही भारी वाहनों का आवागमन शहर के बाहर से होने लगेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगी, बल्कि सिडकुल क्षेत्र के उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान कर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना में पारदर्शिता और उच्च मानकों का पालन अनिवार्य है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने प्रशासनिक तैयारियों और भूमि से जुड़े पहलुओं की जानकारी साझा की।

सांसद अजय भट्ट ने इस परियोजना को केंद्र और प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी सोच का उदाहरण बताते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को तेजी से जमीन पर उतारा जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि रिंग रोड जल्द ही आम जनता के लिए शुरू कर दी जाएगी।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, एनएच पीडी अंचल जिंदल, एडीएम कौस्तुभ मिश्रा, विपिन जल्होत्रा, प्रीत ग्रोवर सहित भाजपा के पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles