उत्तराखण्डज़रा हटकेहल्द्वानी

दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत चलाने की मांग तेज, सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन

ADVERTISEMENTS Ad Ad

हल्द्वानी – कुमाऊं को राजधानी दिल्ली से तेज एवं आधुनिक रेल सेवा से जोड़ने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित करने का अनुरोध किया।

रेल मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में सांसद भट्ट ने कहा कि काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी एवं स्थानीय यात्री दिल्ली सहित देश के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए वंदे भारत जैसी आधुनिक एवं तेज रफ्तार रेल सेवा शुरू किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में काठगोदाम और दिल्ली के बीच कई रेलगाड़ियां संचालित हैं, लेकिन उनकी समय-सारणी यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। यदि सुबह काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जाता है तो यात्री उसी दिन दिल्ली पहुंचकर अपने व्यापारिक, शैक्षणिक एवं सरकारी कार्य निपटाने के बाद शाम को लौटकर रात तक काठगोदाम पहुंच सकेंगे।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से कुमाऊं के पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रही है।

उन्होंने रेल मंत्री को यह भी अवगत कराया कि इस संबंध में वह पूर्व में भी दो बार पत्र लिख चुके हैं तथा व्यक्तिगत रूप से कई बार अनुरोध कर चुके हैं। सांसद ने जनभावनाओं का हवाला देते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शीघ्र शुरू किए जाने का आग्रह किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles