बारावफात-रक्षाबंधन को लेकर पुलिस अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में सौहार्द और सुरक्षा पर जोर

रामनगर – आगामी बारावफात (ईदुल-मिलादनवी) एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए रामनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ रामनगर अमित कुमार सैनी ने कोतवाली रामनगर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में अधिकारियों ने सभी लोगों से धार्मिक आयोजनों के दौरान आपसी भाईचारा, सांप्रदायिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील की। बारावफात के जुलूस को निर्धारित रूट एवं तय स्थानों से ही निकालने पर जोर दिया गया। साथ ही धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पर्वों के मद्देनजर रामनगर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश भी दिए गए। बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही नियमित गश्त और पिकेट व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी धर्म या धार्मिक भावना का जानबूझकर अपमान करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आयोजनों के दौरान पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी सक्रिय रहेगी और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखेगी। बैठक में लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री का प्रचार-प्रसार न करें। ऐसा करने वालों के विरुद्ध विधि के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीओ रामनगर ने प्रभारी निरीक्षक को कोतवाली क्षेत्र में पर्याप्त गश्त एवं पिकेट लगाने तथा बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, नगर निगम के अधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न धार्मिक समुदायों के अनुयायी, अभिसूचना इकाई एवं थाना पुलिस बल मौजूद रहा।




