Nainital:-सीपीयू जवानों ने 30 हजार नकद, सोने के आभूषण व दस्तावेजों से भरा पर्स सुरक्षित लौटाया

नैनीताल/कैंची धाम – पर्यटन सीजन और वीआईपी मूवमेंट के बीच जहां नैनीताल पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है, वहीं पुलिसकर्मी अपनी ईमानदारी और मानवता से भी लोगों का विश्वास जीत रहे हैं।
इसी कड़ी में रविवार को कैंची धाम में ड्यूटी पर तैनात सीपीयू टीम ने एक बुजुर्ग महिला का नगदी, सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पर्स सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में कैंची धाम में ड्यूटी कर रहे सीपीयू के उपनिरीक्षक ईश्वर सिंह राणा एवं कांस्टेबल रोहित सिंह को सड़क किनारे एक लावारिस पर्स मिला।
सुरक्षा की दृष्टि से पर्स की जांच करने पर उसमें 30 हजार रुपये की नगद धनराशि, सोने की कान की बालियां, आधार कार्ड तथा अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिले।
पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पर्स में मिले आधार कार्ड के माध्यम से महिला की पहचान कर उनका संपर्क नंबर प्राप्त किया। जानकारी में पता चला कि पर्स ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) निवासी सुश्री सोनाली देवी का है, जो बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए कैंची धाम आई थीं और इसी दौरान उनका पर्स कहीं गिर गया था।
पुलिस टीम ने महिला से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया और विधिवत सत्यापन के बाद नगदी, सोने के आभूषण एवं सभी दस्तावेजों सहित उनका पर्स सकुशल सुपुर्द कर दिया।
अपना कीमती सामान वापस पाकर बुजुर्ग महिला भावुक हो उठीं। उन्होंने नैनीताल पुलिस की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
नैनीताल पुलिस की इस सराहनीय पहल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के विश्वास और सेवा की भावना को भी पूरी निष्ठा से निभा रही है।




