उत्तराखण्डज़रा हटकेनैनीताल

प्रादेशिक हैंडबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस उपविजेता, एसएसपी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

ADVERTISEMENTS Ad

देहरादून/हल्द्वानी। 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के तत्वावधान में 23 से 25 जून 2026 तक आयोजित तृतीय प्रादेशिक अंतर्जनपदीय पुलिस/वाहिनी हैंडबॉल एवं बास्केटबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 के हैंडबॉल मुकाबलों में नैनीताल पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन से जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ।

प्रतियोगिता में उपनिरीक्षक जय सिंह भंडारी के नेतृत्व में उतरी नैनीताल पुलिस टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन किया और फाइनल तक का सफर तय करते हुए उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रतियोगिता के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हल्द्वानी स्थित बहुउद्देशीय भवन में टीम से मुलाकात कर सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन के लिए उपविजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को ट्रैकसूट और स्पोर्ट्स शूज भेंट करने की घोषणा की।

व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धियां हासिल कीं। आर्मरर आरक्षी गोकुल धपोला को ‘बेस्ट गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट’ तथा फायरमैन नीरज बालियान को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

नैनीताल पुलिस टीम में टीम मैनेजर उपनिरीक्षक जय सिंह भंडारी के साथ आर्मरर आरक्षी गोकुल धपोला, आरक्षी गोविंद मेहरा, फायरमैन नीरज बालियान, आरक्षी सुनील टम्टा, आरक्षी दीपक रौतेला, आरक्षी बलवंत सिंह, आरक्षी संजय नेगी, फायरमैन विपिन कुमार, फायरमैन त्रिलोक बिष्ट, आरक्षी टी.पी. मोहन चंद्र कांडपाल, आरक्षी दीपक जोशी, आरक्षी प्रवीण टम्टा, आरक्षी नरेंद्र कुटियाल, आरक्षी हरीश बिष्ट तथा बिगुलर विशाल कोश्यारी शामिल रहे।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि टीम इसी समर्पण और अनुशासन के साथ भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नैनीताल पुलिस का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करे। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में विजेता बनने के लिए निरंतर मेहनत और अभ्यास जारी रखने का संदेश भी दिया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles