भूस्खलन से उखड़ा पेड़, कार को बनाया निशाना, सवारों को राहगीरों ने बचाया

भवाली – नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच भवाली सैनिटोरियम से कैंचीधाम बाईपास पर शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जाबर नाले के समीप भूस्खलन की चपेट में आया एक भारी-भरकम पेड़ अचानक सड़क पर जा गिरा और नीचे से गुजर रही कार उसकी चपेट में आ गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार सवार दो लोग पेड़ और मलबे के बीच फंस गए।
जानकारी के अनुसार, भवाली गांव निवासी सिकंदर गौरव और हिमांशु टम्टा अपने साले के साथ शनिवार रात काम से घर लौट रहे थे। जाबर नाले के पास अचानक सड़क किनारे का पेड़ भूस्खलन की चपेट में आकर कार के ऊपर गिर गया। पेड़ गिरने से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और स्टेयरिंग सिकंदर के पेट के पास आकर फंस गया। कार भी मलबे में फंस गई।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के क्षेत्रवासियों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सिकंदर किसी तरह अपने घर पहुंचे। घटना में बड़ा हादसा होने से टल गया।
पेड़ और मलबा सड़क पर गिरने के कारण कैंचीधाम बाईपास मार्ग भी बाधित हो गया। लगातार बारिश के चलते मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही। सुबह लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से सड़क से पेड़ और मलबा हटाया, जिसके बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।




