हल्द्वानी

नैनीताल पुलिस की वर्ष 2026 की सबसे बड़ी कार्रवाई, 2 करोड़ की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

ADVERTISEMENTS Ad

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी नैनीताल और कोतवाली काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने काठगोदाम क्षेत्र के पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 618 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 85 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त राजस्थान नंबर की हुंडई ऑरा कार, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा अन्य सामान भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजब सिंह (27 वर्ष) और सीताराम (37 वर्ष) निवासी भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक की खेप राजस्थान से हल्द्वानी लेकर आए थे और इसे काठगोदाम क्षेत्र में एक व्यक्ति को सप्लाई करने की तैयारी में थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपी गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।

एसएसपी नैनीताल ने बताया कि मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।

इस सराहनीय सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में यह सबसे बड़ी स्मैक बरामदगी है, जो जनपद में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Mohd Uves

Editor-in-chief - www.khasekhabar.com Office address - Chorgaliya Road, Nagar Nigam Market, 1st Floor, Shop No: 12, Haldwani (Nainital) Uttarakhand Mobile - 6398378469

Related Articles